आत्महत्या रोकथाम के संदेश के साथ निकली कार रैली, 70 से अधिक सदस्यों ने लिया हिस्सा
जमशेदपुर। विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर आत्महत्या रोकथाम के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जमशेदपुर के छह इनर व्हील क्लबों—IWC जमशेदपुर, IWC जमशेदपुर ईस्ट, IWC जमशेदपुर वेस्ट, IWC अस्मिता, IWC सृजन एवं IWC मेराकी ई-क्लब—के संयुक्त तत्वावधान में कार रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ बेल्डीह क्लब गेट से हुआ। इसके बाद रैली बिष्टुपुर एवं नॉर्दर्न टाउन होते हुए डोराबजी पार्क राउंडअबाउट पहुंची और सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल के पार्किंग क्षेत्र में इसका समापन हुआ।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जीवन सुसाइड प्रिवेंशन सेंटर की ज्वाइंट डायरेक्टर एवं Befrienders Initiative की नेशनल सेक्रेटरी श्रीमती गुरप्रीत कौर भाटिया थीं। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट वाइस चेयरमैन निभा मिश्रा, DCCCC डॉ. रीता झा तथा यूथ डेवलपमेंट वर्टिकल की मेंटर PDC अलका नंदा बक्सी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
रैली में 70 से अधिक सदस्यों ने 23 सुसज्जित कारों के साथ भाग लिया। कारों पर आत्महत्या रोकथाम, भावनात्मक सहयोग, सकारात्मक सोच तथा जरूरत के समय मदद लेने से संबंधित संदेश और पोस्टर लगाए गए थे। इसके माध्यम से लोगों को मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्तियों के प्रति संवेदनशील रहने और उन्हें अकेला न छोड़ने का संदेश दिया गया।
जागरूकता अभियान को व्यापक बनाने के लिए लाउडस्पीकर और आत्महत्या रोकथाम के संदेशों से सुसज्जित एक ऑटो-रिक्शा भी रैली में शामिल किया गया। यह ऑटो आगे भी जमशेदपुर की विभिन्न सड़कों और गलियों में घूमकर लोगों को आत्महत्या रोकथाम एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगा।
कार रैली के बाद सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। भावनात्मक एवं प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से करुणा, संवाद, समय पर हस्तक्षेप तथा मानसिक परेशानी से गुजर रहे व्यक्ति का साथ देने की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि आत्महत्या की रोकथाम किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी की बात ध्यान से सुनना, समय पर साथ देना और जरूरत पड़ने पर मदद के लिए आगे बढ़ना किसी की जिंदगी बचा सकता है।




0 Comments